बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के कप्तानगंज ब्लॉक अंतर्गत पोखरा बाजार सहित प्राचीन श्रीराम जानकी हनुमानगढ़ी मठ पोखरा सरकार आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
हनुमानगढ़ी मंदिर पोखरा के पीठाधीश्वर महंत श्री गिरजेश दास जी महाराज, दिगंबर अखाड़ा चित्रकूट बैठक के नेतृत्व में विशेष आयोजन किया गया। महंत गिरजेश दास जी महाराज ने बताया कि यह पावन पर्व संवत 1782 ई. से चली आ रही वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे सनातन संस्कृति की गौरवशाली धरोहर के रूप में पीढ़ी-दर-पीढ़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों को जीवंत किया गया। रात्रि में ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई दी।
इस अवसर पर जयराम पांडे, अवध नारायण सिंह, रामचरित्र पांडे, अशोक बाबा, ओम नंदन, दीपक पांडे, रामचंद्र विश्वकर्मा, सियाराम पांडे, सनी पांडे, जगराम चौधरी, रविंद्र निषाद, रिंकी, सोनी, सुशीला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद का वितरण भी किया गया।
महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पारंपरिक वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाईं। श्रद्धालुओं ने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं उत्सवमय माहौल बना रहा। देर रात तक श्रद्धालु मंदिर में दर्शन-पूजन करते रहे। महंत गिरजेश दास जी महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी समारोह का समापन 5 सितंबर 2026, शनिवार को विशाल भंडारे के साथ होगा। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद ग्रहण करने के लिए सादर आमंत्रित किया तथा जन्माष्टमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।




