बस्ती: बजाज चीनी मिल, रुधौली द्वारा शरद कालीन गन्ना बुवाई अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस विशेष बुवाई अभियान का विस्तार क्षेत्र के विभिन्न गांवों—जोगिया, समस्तपुर, मलानी, सैदुल्लापुर, अदमापुर, उपरेला (ए व बी), पिरेला (ए व बी) और चंदोरवा में किया गया है। शुभारंभ के दौरान चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुलाब के फूलों के साथ गन्ने के प्लांट का जायजा लिया और औपचारिक रूप से शरद कालीन बुवाई का शुभारंभ करते हुए स्थानीय किसानों को ढेर सारी बधाई व शुभकामनाएं दीं।
बुवाई अभियान के दौरान किसानों को गन्ने की उन्नत और अधिक पैदावार देने वाली प्रजातियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस वर्ष शरद कालीन बुवाई में मुख्य रूप से उन्नत वैराइटी 0118, 14201, 18231, 16202 और 20016 के बीजों पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन और लाभ मिल सके।
इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने कहा कि शरद कालीन गन्ना बुवाई किसानों की आय बढ़ाने और फसल की गुणवत्ता सुधारने का एक बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक तकनीक और उन्नत बीजों का प्रयोग कर गन्ने का बेहतर उत्पादन प्राप्त करें। वहीं, सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडे (गगन) ने अपने बयान में कहा कि मिल प्रशासन किसानों को सही समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज, खाद और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, जिससे फसल का बेहतर विकास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों के साथ-साथ चीनी मिल के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें गन्ना अधिकारी अंजनी तिवारी और धर्मराज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के कृषकगण उपस्थित रहे।




