जिला पंचायत सभागार बस्ती में ‘परिवर्तन युवा संसद—विकसित भारत 2047’ का आयोजन
बस्ती: जिला पंचायत सभागार, बस्ती में ‘परिवर्तन युवा संसद—विकसित भारत 2047’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था का जीवंत प्रस्तुतिकरण करते हुए राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
युवा प्रतिभागियों ने सांसद एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए प्रश्नोत्तर, संवाद एवं विचार-विमर्श में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को विकसित करने का संदेश दिया गया।
आयोजक सिद्धान्त मिश्रा, मृत्युंजय भारत एवं लक्ष्य श्रीवास्तव ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा संसद जैसे मंच उन्हें अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि के रूप में हरैया विधायक अजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि सरोज बाबा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अंकुर वर्मा, सभासद प्रतिनिधि अभिजीत सिंह, राजपूत अमरनाथ सिंह आदि लोग उपस्थित रहें।




