महंत गिरजेश दास जी महाराज ने क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ कराया हवन-पूजन
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के ग्रामसभा आठदमा में नवयुवक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित नवरात्रि कार्यक्रम का नवमी के दिन कथा, हवन-पूजन और भव्य आरती के साथ समापन हुआ। इस दौरान पोखरा पीठाधीश्वर महंत गिरजेश दास जी महाराज, दिगंबर अखाड़ा चित्रकूट बैठक महंत ने विधि-विधान से हवन कार्य संपन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जगत जननी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महंत गिरजेश दास जी महाराज ने कहा कि यज्ञ और जगत जननी मां जगदंबा की आराधना से क्षेत्र में अमन-चैन, शांति, सुख और समृद्धि बनी रहने की कामना की जाती है। धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और आपसी एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी भक्तों के साथ हवन-पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के यजमान पूर्णमासी गौड़ और उनकी धर्मपत्नी मंजू देवी ने विधि-विधान से पूजन में सहभागिता की। हवन के बाद मां दुर्गा की भव्य आरती की गई। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में शिवम गौड़, शुभम गौड़, अशोक गौड़, विकास गौड़, हरिओम गौड़, राकेश गौड़, प्रिंस गौड़, शैलेश गौड़, प्रमोद गौड़, जय हिंद कनौजिया, मुकेश कनौजिया, शीला, पिंकी, सौम्या, कीर्ति, रीना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।



